अकलतरा पोस्ट ऑफिस में 19.21 लाख का गबन: शेयर मार्केट और जुए की लत में डूबे सहायक पोस्टमास्टर गिरफ्तार, कर्ज चुकाने के लिए की धोखाधड़ी
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले के अकलतरा पोस्ट ऑफिस में लाखों रुपये के गबन और धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक डाकपाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खाताधारकों के खातों से फर्जी तरीके से रकम निकालकर कुल 19 लाख 21 हजार रुपये का गबन किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना अकलतरा पुलिस को पोस्ट ऑफिस में गबन की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद मामले की जांच के लिए संयुक्त जांच टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि अकलतरा डाकघर में पदस्थ सहायक डाकपाल संदीप कुमार मिरी (32 वर्ष), निवासी बलौदा, ने फर्जी खाते खोलकर ग्राहकों की जमा राशि में हेराफेरी की।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने चार अलग-अलग खाताधारकों के खातों से रकम निकालकर कुल 19 लाख 21 हजार रुपये का गबन किया। पीड़ित खाताधारकों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वर्ष 2021 से वह शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर रहा था और लगातार नुकसान होने के कारण उस पर भारी कर्ज हो गया। आरोपी ने अलग-अलग बैंकों से लगभग 12 लाख रुपये तथा पोस्ट ऑफिस विभाग से भी करीब 12 लाख रुपये का लोन लिया था। इसके बावजूद नुकसान जारी रहने पर वह कर्ज के दबाव में आ गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शेयर मार्केट के अलावा जुए का भी आदी था। कर्ज बढ़ने पर उसने पोस्ट ऑफिस ग्राहकों के फर्जी खाते खोलकर रकम निकालनी शुरू कर दी। गबन की गई राशि का उपयोग वह लोन की किस्त चुकाने, शेयर मार्केट में निवेश करने और जुआ खेलने में करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, शेयर ट्रेडिंग एप “Groww” और “Angel One” डिमैट अकाउंट के स्टेटमेंट जब्त किए हैं। जांच में करीब 40 लाख रुपये शेयर मार्केट में गंवाने तथा 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज होने की पुष्टि हुई है। दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक स्वाती गिरोलकर एवं आरक्षक राजा रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।


