निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद, अब वैकल्पिक रास्तों से ही करें सफर
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा । जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाओं की आशंका और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा को देखते हुए निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह निर्णय जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल और लगातार किए गए प्रयासों के बाद लिया गया है। अब उरगा–बलौदा, पंतोरा–बिलासपुर सहित निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर किसी भी प्रकार के छोटे या बड़े वाहन का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यह महत्वपूर्ण निर्णय पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में किए गए सतत प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान इस मार्ग पर वाहनों का संचालन अत्यंत जोखिमपूर्ण था, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। ऐसे में आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है।
पुलिस के पत्राचार के बाद हुई कार्रवाई
यातायात पुलिस ने पहले ही भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक, कोरबा को पत्र लिखकर बलौदा थाना क्षेत्र से गुजर रहे निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की थी। पत्र में स्पष्ट रूप से बताया गया था कि निर्माण कार्य के बीच वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं की संभावना लगातार बनी हुई है और समय रहते कड़े कदम उठाना आवश्यक है। पुलिस के इस पत्राचार पर परियोजना निदेशक, कोरबा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उरगा–बिलासपुर भारतमाला मार्ग को पूरी तरह बंद करने के निर्देश जारी किए। इसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित और बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके।
निर्माणाधीन मार्ग पर नहीं हैं सुरक्षा सुविधाएं
यातायात पुलिस ने बताया कि वर्तमान में निर्माणाधीन भारतमाला रोड पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी सर्विलांस तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो सकता है। यही कारण है कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग को पूरी तरह बंद किया गया है।
वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग
पुलिस ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का किसी भी परिस्थिति में उपयोग न करें। जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक केवल वैकल्पिक और सुरक्षित मार्गों का ही इस्तेमाल करें। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
जांजगीर-चांपा पुलिस का मानना है कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। निर्माणाधीन मार्ग से दूरी बनाकर और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर लोग न केवल अपनी जान सुरक्षित रख सकते हैं, बल्कि निर्माण कार्य को भी समय पर पूरा करने में सहयोग दे सकते हैं।





