राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर चांपा में प्रदर्शनी, फैशन शो और प्रतिभाओं का सम्मान
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस के अवसर पर भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान, चांपा एवं कोसा सेवा केन्द्र रायगढ़ द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदर्शनी, फैशन शो, निबंध, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, वहीं संस्थान के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस बुनकरों और शिल्पकारों के सम्मान का अवसर है। उन्होंने चांपा के कोसा की वैश्विक पहचान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से कम से कम एक हाथकरघा या कोसा उत्पाद अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि संस्थान को सशक्त बनाने के लिए आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण दिए जाएंगे तथा अगले तीन वर्षों में 900 से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
कोसा सेवा केन्द्र, रायगढ़ द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बुनकर एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए। अतिथियों ने कोसा उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर बुनकरों के कौशल की सराहना की और स्थानीय हाथकरघा उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग का आह्वान किया।





