Awarapan 2 का पहला गाना ‘Ve Junoon’ रिलीज, इमरान हाशमी की दमदार वापसी ने बढ़ाई फैंस की एक्साइटमेंट

मुंबई। रोमांटिक-ड्रामा फिल्मों की बात हो और इमरान हाशमी का नाम सामने आए, तो यादगार गानों का जिक्र अपने आप होने लगता है। एक बार फिर इमरान हाशमी उसी पुराने अंदाज और गहरी भावनाओं से भरपूर कहानी के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ का पहला गाना ‘वे जुनून’ रिलीज हो चुका है और रिलीज होते ही इसे दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। साल 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ अपने दमदार संगीत, भावुक कहानी और इमरान हाशमी के शानदार अभिनय की वजह से आज भी लोगों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है। अब करीब 19 साल बाद इसका सीक्वल ‘आवारापन 2’ दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। कुछ दिन पहले फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था, जिसे सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। अब मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना ‘वे जुनून’ रिलीज कर दिया है, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।


‘वे जुनून’ को मशहूर संगीतकार मिथुन ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल सईद कादरी ने लिखे हैं। सईद कादरी वही गीतकार हैं जिन्होंने पहली ‘आवारापन’ के लिए ‘तेरा मेरा रिश्ता’ और ‘तो फिर आओ’ जैसे सदाबहार गीत लिखे थे। लंबे समय बाद मिथुन और सईद कादरी की जोड़ी फिर साथ आई है और इस गाने में भी वही दर्द, गहराई और इमोशनल एहसास देखने को मिलते हैं, जिसने पहली फिल्म के संगीत को खास बनाया था। इस गाने की सबसे खास बात इसकी आवाज है। ‘वे जुनून’ को नए सिंगर सुबोध शर्मा ने अपनी आवाज दी है। पिछले 12 वर्षों से साउंड इंजीनियर के रूप में काम कर रहे सुबोध को यह बड़ा मौका एक इंस्टाग्राम रील की वजह से मिला। उनकी गायकी ने निर्माता विशेष भट्ट और संगीतकार मिथुन को इतना प्रभावित किया कि उन्हें इस गाने के लिए फाइनल कर लिया गया। रिलीज के बाद सुबोध की आवाज को भी श्रोताओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

गाने में इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की शानदार केमिस्ट्री के साथ दर्द और अधूरे प्यार की झलक दिखाई देती है। ‘वे जुनून’ फिल्म के मुख्य किरदार शिवम पंडित की भावनात्मक यात्रा को दर्शाता है, जहां वह अपने सबसे बड़े डर और अधूरे रिश्तों से जूझता नजर आता है। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसकी कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। ‘आवारापन 2’ का निर्माण विशेष फिल्म्स के बैनर तले मुकेश भट्ट और विशेष भट्ट ने किया है। फिल्म में इमरान हाशमी और दिशा पाटनी के अलावा शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अतुल कुमार और अनिरुद्ध रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

इन्हें भी पढ़े