नेवारी स्कूल में 14 वर्षीय बालिकाओं को लगाया गया निःशुल्क HPV टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी जानकारी
(देवेश साहू)
बलौदाबाजार। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवारी में 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) से बचाव के लिए निःशुल्क एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाई गई। टीकाकरण के साथ ही छात्राओं को वैक्सीन के महत्व, सुरक्षा, स्वच्छता तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
जिला स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष विजय कुमार साहू ने बताया कि भारत में प्रतिवर्ष सर्वाइकल कैंसर के लगभग 80 हजार नए मामले सामने आते हैं तथा करीब 42 हजार महिलाओं की मौत इस बीमारी के कारण होती है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए भारत सरकार द्वारा बालिकाओं के लिए स्वैच्छिक एवं निःशुल्क HPV टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी स्कूलों में जाकर 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं का टीकाकरण कर रहे हैं। पहले यह वैक्सीन जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध थी, जिसे अब आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्तर तक विस्तार दिया गया है।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सीमा कंवर ने छात्राओं को HPV वैक्सीन की उपयोगिता एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद आरएचओ अनीता चतुर्वेदी ने अभिभावकों की सहमति प्राप्त होने पर सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एन. के. वर्मा, श्रीमती सोम सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सराहनीय सहयोग प्रदान किया।





