लघु वनोपज फूड प्रोसेसिंग पर निःशुल्क प्रशिक्षण, उद्यमियों व महिलाओं को मिलेगा अवसर

(देवेश साहू)

जांजगीर-चांपा। भारत सरकार की RAMP योजना के तहत CSIDC रायपुर के बैनर तले NIMSME द्वारा लघु वनोपज (माइनर फॉरेस्ट प्रोड्यूस) फूड प्रोसेसिंग पर सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर में आयोजित होगा।

प्रशिक्षण के लिए दो बैच निर्धारित किए गए हैं। पहला बैच 6, 7 एवं 8 मार्च को तथा दूसरा बैच 9, 10 एवं 11 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण का समय प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक रहेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को लघु वनोपज आधारित फूड प्रोसेसिंग की नई तकनीक, नए उत्पादों के निर्माण, मशीनरी के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही ब्रांडिंग, पैकेजिंग, मार्केटिंग, आवश्यक सर्टिफिकेशन एवं व्यवसाय विकास से संबंधित विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस कार्यक्रम में फूड प्रोसेसिंग एवं लघु वनोपज से जुड़े उद्यमी, महिला उद्यमी, स्व-सहायता समूह एवं युवा भाग ले सकते हैं। यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा तथा निःशुल्क उद्यम पंजीयन की सुविधा भी दी जाएगी।

इच्छुक प्रतिभागी प्रशिक्षण के प्रथम दिवस सुबह 10:30 बजे कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर में उपस्थित होकर पंजीयन करा सकते हैं। इस दौरान आधार कार्ड (अनिवार्य), पैन कार्ड एवं बैंक खाता विवरण साथ लाना आवश्यक है।

अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7566195551 पर संपर्क किया जा सकता है।