63 लाख के गांजा व नशीली टेबलेट का किया गया नष्टीकरण, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 63 लाख रुपए मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जब्त किए गए करीब 123 किलो गांजा एवं नशीली टेबलेट को आज दिनांक 20 अप्रैल 2026 को प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड चांपा के प्लांट (भट्ठी) में विधिवत जलाकर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के सहयोग से की गई।
नष्टीकरण की प्रक्रिया के दौरान ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष निवेदिता पाल, सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती नीलिमा डिग्रेसकर, पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी राजाराम वैष्णव, थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित जिला अपराध शाखा एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।


