भदरा में बाबा साहेब की प्रतिमा का भव्य अनावरण, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही भारी उपस्थिति

(पंकज कुर्रे)

पामगढ़। ग्राम पंचायत भदरा में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पामगढ़ की पूर्व विधायक इंदु बंजारे उपस्थित रहीं। उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधिवत अनावरण किया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष पामगढ़ गौरी छोटू जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य प्रीति अजय दिव्य, सामाजिक कार्यकर्ता विभीषण पात्रे, सरपंच भदरा बिंदु रविकांत काठे, जनपद सदस्य राजू राय, पूर्व जनपद सदस्य पुष्पा उमेश प्रधान, उपसरपंच मोतिम अमर पाटले, पंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष और सामाजिक सुधारों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों का मार्ग दिखाया, जिसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। इस दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बाबा साहेब के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

कार्यक्रम के अंत में सरपंच प्रतिनिधि रविकांत काठे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन गरिमामय वातावरण में किया गया।

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – पंकज कुर्रे मो • 7240976439