गोलीकांड के बाद करही में हाई अलर्ट, आरोपियों की धरपकड़ के लिए गांव में पुलिस टीम की कड़ी निगरानी
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा | जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में हुए सनसनीखेज गोलीकांड को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन में पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है।
घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी के लिए ग्राम करही में विशेष पुलिस कैंप स्थापित किया गया है, जिससे इलाके में लगातार निगरानी रखी जा सके। पुलिस कैंप के माध्यम से क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और गांव के सभी प्रमुख मार्गों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।


