पामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की दर्दनाक मौत
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ / दिवाली की खुशियों के बीच पामगढ़ क्षेत्र से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। बोरसी-डिघोरा मार्ग पर बीती रात करीब 1 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार डिघोरा निवासी लल्लू यादव और कपिल सिदार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी सुबह मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। वहीं, दोनों युवकों की असमय मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आखिर रात के अंधेरे में बाइक कैसे अनियंत्रित हुई? क्या तेज रफ्तार हादसे की वजह बनी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था? फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। दिवाली की रात हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।





