लावारिस पशुओं से बढ़ते सड़क हादसे: रेडियम पट्टी लगाने की मांग, संगठनों ने कलेक्टर और एसपी को सौंपा ज्ञापन
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले में सड़कों पर घूम रहे लावारिस और निजी पशुओं के कारण लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई गई है। इस संबंध में केंद्रीय लोक शिकायत जांच आयोग, भीम रेजीमेंट एवं डॉ. आंबेडकर विचार युवा संगठन के पदाधिकारियों द्वारा प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपकर ठोस कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि मुख्य सड़कों और आम रास्तों पर घूम रहे पशुओं के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे न केवल पशुओं की मृत्यु हो रही है, बल्कि आम लोगों की जान भी जोखिम में पड़ रही है। खासकर रात के समय काले रंग के पशु दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटनाएं अधिक हो रही हैं।

संगठन ने सुझाव दिया है कि सभी लावारिस और सड़क पर घूमने वाले पशुओं के शरीर पर रेडियम पट्टी लगाई जाए, जिससे वाहन चालकों को दूर से ही पशु दिखाई दें और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। साथ ही, निजी पशुपालकों द्वारा पशुओं को खुले में छोड़ने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की गई है। ज्ञापन में नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को निर्देशित करने की बात कही गई है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस व्यवस्था को लागू कर सकें और पशुपालकों को जागरूक कर सकें।
अंत में प्रशासन से अपील की गई है कि इस गंभीर समस्या पर शीघ्र ध्यान देकर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और आम जनता तथा पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


