पीएम श्री आत्मानंद स्कूल में कथित नकल मामले की जांच तेज, तीन सदस्यीय टीम पहुंची कसडोल

(देवेश साहू)

बलौदाबाजार। जिले के कसडोल स्थित पीएम श्री आत्मानंद स्कूल में सामने आए कथित नकल मामले की जांच अब तेज हो गई है। मामले की पड़ताल करने के लिए गठित तीन सदस्यीय जांच टीम स्कूल पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जांच टीम में पलारी के बीईओ, बलौदाबाजार बीईओ तथा अमेरा स्कूल के प्राचार्य को शामिल किया गया है। टीम द्वारा परीक्षा व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की स्थिति और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान कथित नकल से जुड़ा मामला सीसीटीवी फुटेज में सामने आया था। इस खबर को खबर शतक न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से प्रसारित किए जाने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर ने जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए थे।

मामले में एक अन्य पहलू भी जांच के दायरे में है। जानकारी के अनुसार नकल मामले को लेकर सवाल पूछने पहुंचे पत्रकारों के साथ प्राचार्य द्वारा कथित बदसलूकी किए जाने की शिकायत भी सामने आई थी, जिसकी भी जांच की जाएगी।

जांच टीम स्कूल के रिकॉर्ड, परीक्षा संचालन व्यवस्था और सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इन्हें भी पढ़े