JANJGIR BREAKING : बिरकोनी में हृदयविदारक घटना, पिता ने दो बच्चों संग की आत्महत्या? पुलिस कर रही जांच

(Pankaj Kurre)


जांजगीर-चांपा । नैला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव के एक घर में पिता और उसके दो मासूम बच्चों के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक जांच में कीटनाशक जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

पत्नी से विवाद के बाद मानसिक तनाव में था मृतक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमेश कुमार पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लगभग एक सप्ताह पहले उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। परिवार में चल रहे विवाद के कारण रमेश मानसिक रूप से परेशान था।

जानकारी के अनुसार 16 जून को रमेश कुमार पटेल अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी ने उसके साथ लौटने से इंकार कर दिया। इसके बाद वह अकेले ही अपने घर लौट आया था।

सुबह खेत-खलिहान के काम में गया था पिता, लौटने पर मिली दर्दनाक खबर

घटना वाले दिन सुबह करीब 8 बजे मृतक का पिता परदेसी राम पटेल धान कुटवाने के लिए ग्राम कटनाई गया हुआ था। इसी दौरान लगभग 11:30 बजे उसे सूचना मिली कि उसके पुत्र और दोनों नाती घर के भीतर मृत अवस्था में पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही परदेसी राम पटेल तत्काल घर पहुंचा, जहां उसने अपने पुत्र रमेश कुमार पटेल और दोनों बच्चों को मृत अवस्था में देखा। इस घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल व्याप्त हो गया।

घटनास्थल पर पहुंचीं CSP योगिताबाली खापर्डे

घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी नैला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। मामले की जानकारी मिलते ही CSP जांजगीर श्रीमती योगिताबाली खापर्डे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच की कमान संभाली। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे केवल पारिवारिक विवाद ही कारण था या कोई अन्य परिस्थिति भी जिम्मेदार रही है।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया। टीम द्वारा घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। वहीं तीनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

हर पहलू पर जांच जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कीटनाशक जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने की संभावना सामने आई है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इन्हें भी पढ़े