JANJGIR BREAKING: एसपी कार्यालय में युवक ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले के एसपी कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने जहर का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, टी.आर. साहू नामक व्यक्ति पिछले कई दिनों से अपनी शिकायत लेकर एसपी कार्यालय के चक्कर काट रहा था। वह लगातार लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगा रहा था। साहू का आरोप था कि उसके मकान मालिक द्वारा उसकी भाभी की एलआईसी राशि निकालने के लिए साजिश रची जा रही है।
बताया जा रहा है कि बार-बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आहत होकर साहू गुरुवार को सीधे एसपी कार्यालय पहुंचा और वहीं जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में युवक ने इतना बड़ा कदम उठाया।


