जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी सफलता: 2 माह में 219 गुम मोबाइल बरामद, कीमत करीब 26.28 लाख रुपये

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । जिले की साइबर थाना पुलिस को गुम मोबाइल खोजने के अभियान में बड़ी सफलता मिली है। साइबर टीम ने महज दो माह के भीतर अलग-अलग जिलों और राज्यों से कुल 219 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख 28 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत बरामद मोबाइलों में विवो के 57, रियलमी के 41, रेडमी के 29, ओप्पो के 23, पोको के 19, वनप्लस और मोटोरोला के 9-9, सैमसंग के 8, टेक्नो के 6, इन्फिनिक्स, आईक्यू और नथिंग के 5-5 तथा आईटेल, एआई प्लस और एप्पल के 1-1 मोबाइल शामिल हैं।

इन सभी मोबाइलों को बरामद कर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में उनके असली मालिकों को सौंपा गया। लंबे समय से गुम हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया।

CEIR पोर्टल से मिली बड़ी मदद

भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए CEIR पोर्टल के माध्यम से 1 जनवरी 2026 से 7 मार्च 2026 तक जिले में दर्ज मामलों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। तकनीकी विश्लेषण के जरिए पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर उपयोग हो रहे मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया।

कई जिलों और राज्यों से मोबाइल बरामद

साइबर टीम ने जांजगीर-चांपा जिले के अलावा बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, रायपुर, दुर्ग, सक्ती सहित अन्य स्थानों से भी गुम मोबाइलों को खोज निकाला। कई मामलों में मोबाइल उपयोग कर रहे व्यक्तियों को जानकारी देने पर उन्होंने फोन बंद कर दिया, जिसके बाद अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय कर मोबाइल बरामद किए गए। कुछ मोबाइलों को संबंधित लोगों द्वारा स्वयं ही कुरियर के माध्यम से भेजा गया।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

यह अभियान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर मोबाइलों का पता लगाया।

कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, मनोज तिग्गा, राजकुमार चंद्रा तथा आरक्षक विशाल कौशिक, आशुतोष कर्ष, गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, शहबाज अहमद, माखन साहू, प्रतीक सिंह, आनंद सिंह, सिदार पैकरा, महिला आरक्षक दिव्या सिंह और अंजना लकड़ा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पुलिस की नागरिकों से अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को रास्ते में कोई मोबाइल फोन मिला हो तो उसे नजदीकी थाने में जमा कर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। साथ ही बिना बिल और IMEI नंबर वाले मोबाइल फोन न खरीदें, क्योंकि वह चोरी का या किसी अपराध में प्रयुक्त हो सकता है।

मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत ceir.gov.in पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराकर नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करने की सलाह भी दी गई है। इसके अलावा मोबाइल को हमेशा पासवर्ड से सुरक्षित रखने और साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक रहने की भी अपील की गई है।

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439

इन्हें भी पढ़े