जांजगीर-चांपा के युवाओं की बड़ी सफलता, 145 अग्निवीर, 14 टेरिटोरियल आर्मी में चयनित, कलेक्टर महोबे ने दी बधाई
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा | भारतीय थलसेना द्वारा अग्निवीर भर्ती के लिए मई-जून 2025 में आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) एवं उसके बाद हुए शारीरिक दक्षता परीक्षण में जांजगीर-चांपा जिले के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। जिले से कुल 145 युवाओं का अंतिम चयन अग्निवीर थलसेना में हुआ है। इसके अलावा 14 युवाओं का चयन टेरिटोरियल आर्मी तथा 05 युवाओं का चयन क्लर्क पद के लिए हुआ है।
डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी सुब्रत प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया कि सीईई परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण 10 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक धमतरी में आयोजित किया गया था, जिसमें जिले के युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को सेना भर्ती में सफल बनाने के लिए विशेष पहल की गई थी। जिला प्रशासन ने भूतपूर्व सैनिक संघ के सहयोग से 09 सितंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक आवासीय शारीरिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित कराया, जिसमें जिले के 199 युवाओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को सेना भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के अनुरूप नियमित अभ्यास कराया गया। प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 9 बजे तक एवं शाम 4 बजे से 7 बजे तक दौड़, बीम, बैलेंसिंग बीम, लंबी कूद, गड्ढा कूद, ऊंचाई मापन सहित अन्य गतिविधियों का गहन प्रशिक्षण दिया गया। भूतपूर्व सैनिक संघ के मार्गदर्शन में युवाओं को अनुशासन एवं फिटनेस के प्रति भी प्रेरित किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने चयनित सभी युवाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के युवाओं ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।


