जांजगीर-चांपा में आसमानी आफत! आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत, 4 झुलसे

{Pankaj Kurre}

बलौदा | जांजगीर-चांपा जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज के बीच आकाशीय बिजली ने बड़ा कहर बरपाया है। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम महुदा में सब्जी बाड़ी में काम कर रहे लोगों पर अचानक आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


बताया जा रहा है कि महुदा क्षेत्र में कुछ लोग सब्जी बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और आसमान में बादल छाने के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए।

हादसे के बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी भी सक्रिय हुए।


तीन लोगों की मौत, चार घायल

हादसे में मृतकों की पहचान तुलसी पटेल (50) पिता वेदराम पटेल, रामभरोस पटेल (35) पिता कंस राम पटेल और नरेश खरवार (26) पिता रामू खरवार के रूप में हुई है।

वहीं घायलों में अंजू पटेल (30) पति रामभरोस पटेल, दुलारा (45) पति तुलसीराम पटेल, पवन बाई (58) पति रामू खरवार और बैसाखू (35) पिता रामू खरवार शामिल हैं। सभी मृतक और घायल बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम महुदा निवासी बताए गए हैं।

दो घायलों को सिम्स किया गया रेफर

हादसे में घायल चार लोगों में से दो को बेहतर उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जबकि दो घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बलौदा में जारी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तीन मौतों से गांव में पसरा मातम

एक ही घटना में तीन लोगों की मौत से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्राम महुदा में भी शोक का माहौल है। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

गरज-चमक के दौरान सावधानी जरूरी

मौसम में अचानक बदलाव के दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और अन्य ऊंची जगहों से दूर रहना चाहिए तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी चाहिए।