बिजली विभाग में रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई: एई, जेई सहित 3 कर्मचारी सस्पेंड
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले में बिजली विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर आखिरकार सख्त कार्रवाई हुई है। विद्युत वितरण कंपनी ने रिश्वतखोरी के गंभीर मामले में सहायक अभियंता (AE) विजय नोरगे, कनिष्ठ अभियंता (JE) राजेंद्र शुक्ला और सहायक ग्रेड-1 के एक कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई उस समय सामने आई जब करीब 15 दिन पहले भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने तीनों को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। मामले के उजागर होने के बाद विभाग पर कार्रवाई का दबाव लगातार बना हुआ था। कंपनी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान तीनों का मुख्यालय अधीक्षण अभियंता कार्यालय जगदलपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा, साथ ही विभागीय जांच भी जारी रहेगी।
क्या था पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर निवासी एक व्यक्ति ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि ग्राम खोखसा में फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट लगाने के लिए ट्रांसफार्मर और मीटर कनेक्शन हेतु आवेदन किया गया था। आरोप है कि इस कार्य को करने के बदले संबंधित अधिकारियों ने कुल 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें उप अभियंता द्वारा 10 हजार रुपये तथा सहायक अभियंता और सहायक ग्रेड-1 कर्मचारी द्वारा 25 हजार रुपये की मांग की गई थी।
20 मार्च को ACB की बिलासपुर इकाई ने जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया था। विभाग ने साफ कर दिया है कि रिश्वतखोरी के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





