अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 1 चैन माउंटेन और 2 ट्रैक्टर जब्त, खनिज विभाग की सख्ती जारी
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक चैन माउंटेन और दो ट्रैक्टर को पकड़कर जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील चांपा के हनुमान धारा और तहसील पामगढ़ के ग्राम देवरघटा क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान हनुमान धारा (चांपा) में अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए 1 चैन माउंटेन को जब्त किया गया। वहीं देवरघटा घाट (पामगढ़) क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर को पकड़ा गया, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
अवैध खनन के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को रोकने के लिए जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा लगातार निगरानी और जांच की जा रही है।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
खनिज विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अवैध रूप से खनिज उत्खनन या परिवहन करने वालों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


