कसडोल ओपन बोर्ड परीक्षा में नकल का बड़ा खुलासा, CCTV फुटेज वायरल उत्तरमाला की फोटोकॉपी बांटने का आरोप, शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

कसडोल। बलौदाबाजार जिले के कसडोल स्थित पीएम श्री आत्मानंद विद्यालय में आयोजित कक्षा 10वीं ओपन बोर्ड परीक्षा के दौरान कथित रूप से खुलेआम नकल कराने का मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसके बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में परीक्षा कक्ष के भीतर कथित तौर पर परीक्षा नियमों की धज्जियां उड़ती दिखाई दे रही हैं। फुटेज में कुछ लोगों द्वारा छात्रों को उत्तर उपलब्ध कराए जाने और परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियां होने के आरोप लग रहे हैं। सूत्रों के अनुसार वीडियो में उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी कर छात्रों तक पहुंचाने जैसी गंभीर अनियमितताएं भी स्पष्ट रूप से नजर आ रही हैं। हालांकि खबर शतक न्यूज वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

मामले के सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि परीक्षा केंद्र में इस तरह खुलेआम नकल होती रही, तो मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय होगा।

सूत्रों के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही छात्रा वाला फुटेज 30 मार्च 2026 का बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक स्कूल प्रबंधन अथवा शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अब सबकी नजर जिला शिक्षा विभाग और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। यदि वायरल फुटेज की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो सकती है।

इन्हें भी पढ़े