“02 अक्टूबर से पहले अकलतरा में पुलिस का बड़ा छापा! तहखाने में छिपी मिली 184 लीटर अवैध शराब, आरोपी गिरफ्तार”

{Pankaj Kurre}

अकलतरा । 02 अक्टूबर के शुष्क दिवस को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अकलतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर देशी प्लेन, मसाला, अंग्रेजी व्हिस्की और बीयर समेत कुल 184 लीटर अवैध शराब बरामद की है। मामले में टेकूलाल बंजारे (41 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12, गुरुघासीदास मोहल्ला, अकलतरा को गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टेकूलाल बंजारे 02 अक्टूबर के शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने की तैयारी में है और उसने शराब को अपने घर के भीतर तहखाने एवं गुप्त कमरों में छिपाकर रखा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मकान की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान 180 एमएल की अलग-अलग ब्रांड की देशी शराब की 783 बोतलें, मसाला शराब की 24 बोतलें, अंग्रेजी व्हिस्की की 160 बोतलें और सिम्बा एक्सट्रा बीयर की 22 बोतलें सहित कुल 184 लीटर शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत 88,550 रुपये बताई गई है।


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 587/2026, धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर 29 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंण्डन यार्ड के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ सूचना तंत्र मजबूत कर लगातार सख्त और त्वरित वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई में एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू, सउनि दाउलाल बरेठ, म.प्र.आर. स्वाती गिरोलकर, आरक्षक महेन्द्र राज, शेषनारायण साहू, शैलेन्द्र राठौर, राजेन्द्र कहरा और कृष्णा पटेल का सराहनीय योगदान रहा।

इन्हें भी पढ़े