धन्नू साहू की अगुवाई मे बैठक संपन्न माँ कर्मा का भव्य मंदिर, मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
(नीलकमल आजाद)
पलारी। झिरिया साहू छात्रावास समिति बलौदाबाजार की नवगठित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक में समाजहित एवं छात्रावास के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। बैठक में छात्रावास परिसर में जनसहयोग से माँ कर्मा जी के भव्य मंदिर के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। समिति ने निर्णय लिया कि मंदिर निर्माण में सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं एवं समाजसेवियों के नाम मंदिर परिसर में स्थापित शिलालेख पर सम्मानपूर्वक अंकित किए जाएंगे।
बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए यह तय किया गया कि छात्रावास समिति द्वारा प्रतिवर्ष प्रतिभावान सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले समाज के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। समिति का मानना है कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होगा।
अध्यक्ष धन्नू साहू ने कहा कि माँ कर्मा जी का मंदिर समाज की आस्था और एकता का प्रतीक बनेगा। वहीं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। समाज के सभी लोगों के सहयोग से इन योजनाओं को सफल बनाया जाएगा।
बैठक में उपाध्यक्ष शंकर लाल साहू, सचिव परेटन साहू, कोषाध्यक्ष कमलेश साहू, मंत्री टेकराम साहू तथा कार्यकारिणी सदस्य बलदाऊ साहू, ईश्वर साहू, उमाशंकर साहू, सोनसांय साहू, डोमन साहू, गणपत साहू, सरोज साहू, नारायण साहू, नरेश साहू, ढेरहा साहू, नीलकंठ साहू, अनुज साहू एवं हीरामन साहू उपस्थित रहे।





