नाबालिग बालिका से मारपीट: आरोपी गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्रार्थिया ने 07 अप्रैल 2026 को थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि सुबह करीब 8:10 बजे वह अपने घर के सामने अपनी चाची के साथ बातचीत कर रही थी। इसी दौरान गांव भैंसों निवासी आरोपी हरिओम प्रजापति (31 वर्ष) वहां पहुंचा और गाली-गलौच करने लगा।
जब प्रार्थिया ने इसका विरोध किया, तो आरोपी उसके पीछे-पीछे घर के अंदर घुस गया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट की। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पामगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) एवं 333 के तहत मामला दर्ज किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक सरोज पाटले, आरक्षक विनोद मनहर, मुकेश कमलेश, बेदराम पटेल एवं सैनिक अनिल दिनकर का विशेष योगदान रहा।


