मड़ाई मेला में शामिल हुए विधायक संदीप साहू चुनाव में मिले जनसमर्थन के लिए जताया आभार,

(नीलकमल आजाद)

पलारी। विकासखंड पलारी के ग्राम गुमा में आयोजित मड़ाई मेला इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र बना, जब नव-निर्वाचित विधायक संदीप साहू मुख्य अतिथि के रूप में पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मेला कार्यक्रम का आयोजन गांव के युवाओं द्वारा किया गया था, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए । विधायक ने संबोधन में अपने क्षेत्र के लोगों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि वह हमेशा अपने क्षेत्रवासियों के विश्वास पर खरा उतरेंगे।


इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष हितेन्द्र ठाकुर ने की, विशिष्ट अतिथि जनपद अध्यक्ष खिलेन्द्र वर्मा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भारती मोनू साहू, सुनील कुर्रे, रोहित साहू, यशवंत बाधे शेखर वर्मा नीलकमल आजाद और अन्य अतिथिगण भी शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचे विधायक और अतिथियों का ग्रामीणों ने जोरदार आतिशबाजी, पारंपरिक राउत नाचा और पुष्पहारों से स्वागत किया।

विधायक संदीप साहू ने अपने संबोधन में गुमा के लोगों के प्रति गहरी कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा, “आप सभी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं हमेशा आपका ऋणी रहूंगा और अपनी अंतिम सांस तक आप सभी की सेवा करूंगा।”

उन्होंने इस मौके पर गांव में ज्योति भवन के निर्माण के लिए 2 लाख रुपए और गौरा-गौरी चौरा के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ आपका विधायक नहीं, बल्कि इस क्षेत्र का बेटा हूं और आपके सुख-दुख में हमेशा सहभागी रहूंगा।”

विधायक साहू ने इस बात पर भी जोर दिया कि दीपावली पर्व के बाद आयोजित मड़ाई मेला गांव के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और भाईचारा मजबूत करने का एक सुंदर माध्यम है। उन्होंने ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम होते रहना चाहिए जिससे एक दूसरे के प्रति विश्वास और प्रेम बना रहता हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष हितेन्द्र ठाकुर ने भी आयोजन की सफलता की बधाई देते हुए कहा कि दशहरा और दीपावली के बाद यह पर्व सभी के बीच उत्साह और उमंग को और बढ़ा दिया है। उन्होंने सभी ग्रामीणों के घरों में सुख-समृद्धि और मां लक्ष्मी के वास की कामना की। जनपद अध्यक्ष खिलेंद्र वर्मा और जिला सदस्य प्रतिनिधि भारती मोनू साहू ने भी गांव के विकास और भाईचारे को बढ़ावा देने की बात कही।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बटोरी वाहवाही

मड़ाई मेला में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। राउत नाचा, लोक नृत्य और गीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। दर्शकों के लिए यह कार्यक्रम एक यादगार अनुभव रहा और सभी ने कलाकारों की प्रतिभा की सराहना की। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संतोष देवांगन, सुमित तिवारी, कमलेश साहू, भूपेंद्र शंकर सेन, डाकेश्वर वर्मा, सरोजनी मांडले, निर्मला वर्मा, रिंकी साहू, मनीषा यादव और मनी मांडले आदि कलाकारों ने भाग लिया। गुमा में मड़ाई मेला में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे गांव का माहौल जोशीला और उल्लासपूर्ण हो गया। मेला स्थल पर ग्रामीणों के साथ बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं ,युवाओं का उत्साह देखने लायक था।

इन्हें भी पढ़े