MSW में नरेन्द्र कश्यप ने हासिल किया महाविद्यालय में प्रथम स्थान, 75.95% अंक किए प्राप्त
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा/बलौदा | शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ द्वारा 5 सितंबर को जारी परीक्षा परिणाम में पं. लाल बहादुर शास्त्री कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, बलौदा के मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) पाठ्यक्रम के छात्र नैला, जांजगीर निवासी नरेन्द्र कश्यप ने 75.95 प्रतिशत अंक अर्जित कर महाविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
नरेन्द्र कश्यप ने इससे पहले टीसीएल पीजी महाविद्यालय, जांजगीर से एम.ए. हिंदी साहित्य में 83 प्रतिशत अंक हासिल कर महाविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस तरह उन्होंने हिंदी साहित्य और समाज कार्य, दोनों विषयों में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल कर अपनी बहुआयामी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया है।
लगातार दो अलग-अलग विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और अध्ययन के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी सफलता में पं. लाल बहादुर शास्त्री कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, बलौदा के प्राचार्य डॉ. अभिजीत भौमिक एवं समाज कार्य विभागाध्यक्ष अरुण नेताम के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नरेन्द्र कश्यप ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों, माता-पिता और सहपाठियों को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके सहयोग, आशीर्वाद और निरंतर प्रेरणा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से सफलता प्राप्त की जा सकती है।
नरेन्द्र की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों, परिजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।





