एचपीवी वैक्सीन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए पामगढ़ बीएमओ डॉ. रश्मि डाहिरे सम्मानित
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ | स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ की खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. रश्मि डाहिरे को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित एचपीवी वैक्सीन कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में पामगढ़ क्षेत्र द्वारा पूरे जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित गरिमामय समारोह में माननीय मंत्री खुशवंत साहेब ने डॉ. रश्मि डाहिरे को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर जिला कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी एवं अधिकारीगण गरिमामय रूप से उपस्थित रहे।
एचपीवी वैक्सीन कार्यक्रम के तहत किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण के प्रति जागरूक करने तथा निर्धारित लक्ष्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम के बेहतर समन्वय एवं मेहनत के परिणामस्वरूप क्षेत्र ने जिले में प्रथम स्थान हासिल किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद बीएमओ डॉ. रश्मि डाहिरे ने इस उपलब्धि का श्रेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ के समस्त चिकित्सकीय, नर्सिंग एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को दिया। उन्होंने पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान सभी कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को बेहतर ढंग से आमजन तक पहुंचाने के लिए इसी तरह समर्पित होकर कार्य करने की बात कही।
इस सम्मान से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ के समस्त स्टाफ में उत्साह और खुशी का माहौल है तथा क्षेत्रवासियों ने भी डॉ. रश्मि डाहिरे एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी।








