PAMGARH: किशोरियों के लिए मुफ्त HPV टीकाकरण की शुरुआत, सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में बड़ा कदम

(पंकज कुर्रे)

पामगढ़ । महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए शासन के निर्देशानुसार पामगढ़ विकासखंड में किशोरियों के लिए निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण की शुरुआत कर दी गई है। यह पहल सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय कैंसर) से बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

खंड चिकित्सा अधिकारी पामगढ़ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 06 अप्रैल 2026 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा में यह टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। जानकारी देते हुए बताया गया कि एचपीवी वैक्सीन मुख्य रूप से उन किशोरियों के लिए है जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और 15 वर्ष की आयु प्राप्त नहीं की है।

विशेषज्ञों के अनुसार यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी और सुरक्षित है। निजी संस्थानों में यही टीकाकरण कराने पर लगभग 1500 से 2000 रुपये तक खर्च आता है, जबकि शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

निर्धारित आयु वर्ग की किशोरियां अपने परिजनों के साथ शासकीय कार्य दिवसों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ पहुंचकर इस सुविधा का लाभ ले सकती हैं। टीकाकरण के लिए आधार कार्ड, फोटोयुक्त पहचान पत्र या जन्म प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा।

स्वास्थ्य विभाग ने अधिक से अधिक पात्र किशोरियों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – पंकज कुर्रे , मो • 7240976439

इन्हें भी पढ़े