PAMGARH: शराब के नशे में हुए विवाद के बाद युवक की हत्या, गला दबाकर और डंडे से पीटकर उतारा मौत के घाट

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया, जहां एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जगदीश प्रजापति 29 अप्रैल को अपनी पत्नी दिव्या और डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ रिश्तेदारी में आयोजित विवाह कार्यक्रम में शामिल होने खरखोद गांव आया हुआ था। इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे शराब के नशे में उसने अपनी पत्नी और बच्चे के साथ विवाद शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने बच्चे के ऊपर पैर रख दिया और गाली-गलौच करने लगा, जिस पर पत्नी ने समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया।

इसके बाद जगदीश घर छोड़कर गांव में ही एक अन्य स्थान पर जाकर सो गया। अगले दिन से वह लापता हो गया। परिजनों द्वारा तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। दिनांक 3 मई को गांव के एक घर के पीछे दीवार के पास संदिग्ध हालत में उसका शव बरामद हुआ, जिसमें सड़न शुरू हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पामगढ़ थाना में अपराध क्रमांक 191/26 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी के नेतृत्व में टीम ने संदेह के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपी 

1. देसाई कुम्हार (42 वर्ष), निवासी खरखोद थाना पामगढ़

2. रामनारायण प्रजापति (44 वर्ष), निवासी ठाकुरदेवा चौकी मल्हार थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर

ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने गला दबाकर, डंडे तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट कर जगदीश की हत्या की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए 5 मई को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, एएसआई संतोष बंजारे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इन्हें भी पढ़े