मिशन कर्मयोगी के तहत जांजगीर-चांपा में ‘साधना सप्ताह 2026’ की तैयारी तेज, प्रशिक्षण सह-कार्यशाला आयोजित
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले में प्रशासनिक दक्षता और सुशासन को नई दिशा देने के उद्देश्य से मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत “राष्ट्रीय अधिगम सप्ताह – साधना सप्ताह 2026” के सफल आयोजन को लेकर जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रशिक्षण सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने की।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले में 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक साधना सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान शासन के अधिकारी एवं कर्मचारियों को आधुनिक प्रशासनिक दक्षता, डिजिटल गवर्नेंस, व्यवहारिक कौशल एवं भूमिका आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और नागरिक हितैषी बन सके।
सक्रिय भागीदारी और पाठ्यक्रम पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर महोबे ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साधना सप्ताह में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने कर्मचारियों को आईगॉट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर निर्धारित पाठ्यक्रमों का अध्ययन कराएं और अधिकतम प्रशिक्षण प्राप्त करें।
एआई दक्षता पर विशेष जोर
बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े पाठ्यक्रमों को अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसमें “AI for All”, “एआई की मूल बातें”, “प्रशासन में एआई का उपयोग” एवं “एआई नैतिकता” जैसे विषय शामिल हैं। कलेक्टर ने कहा कि आधुनिक प्रशासन में एआई की समझ बेहद जरूरी है, जिससे कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता में सुधार आएगा।
प्रमुख विभागों की अधिक भागीदारी पर जोर
कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी एवं राजस्व विभाग के कर्मचारियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षण, सेमिनार और जनजागरूकता गतिविधियों के आयोजन तथा उनके वीडियो क्लिप आईगॉट पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया।
नियमित मॉनिटरिंग और अनिवार्य अध्ययन समय
आईगॉट प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिगम की प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। साधना सप्ताह के दौरान प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के लिए न्यूनतम चार घंटे का अध्ययन अनिवार्य किया गया है।
ऑनलाइन मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली लागू
कलेक्टर ने बताया कि ऑनलाइन मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (अवकाश ऑनलाइन) के माध्यम से कर्मचारियों के डेटा, वेतन, उपस्थिति, भर्ती एवं प्रदर्शन प्रबंधन जैसे कार्यों को स्वचालित और सुव्यवस्थित किया जाएगा। इससे कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस सिस्टम पर अनिवार्य रूप से ऑनबोर्ड करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे सीधे आईगॉट प्लेटफॉर्म से जुड़ सकें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, ईडीएम सुनील साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


