अवैध लकड़ी परिवहन पर राजस्व, पुलिस और वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम मुड़पार (ब) में आज राजस्व, पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कमर्शियल उपयोग के लिए अवैध रूप से लकड़ी परिवहन करते पाए जाने पर लकड़ी सहित 3 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। जब्त वाहनों को थाना पामगढ़ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम को अवैध लकड़ी परिवहन की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि लकड़ी का परिवहन बिना वैधानिक अनुमति के किया जा रहा था।
मामले में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 241 के अंतर्गत अग्रिम कार्रवाई हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पामगढ़ को प्रतिवेदन प्रेषित किया जाएगा।
इस कार्यवाही में पामगढ़ तहसीलदार अमरनाथ श्याम, नायब तहसीलदार अखिलेश विश्वकर्मा, थाना पामगढ़ के सउनि संतोष बंजारे, सहायक वनपाल आदेश जांगड़े सहित पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।


