शिवरीनारायण-राहौद की रिद्धांशी बनी अबेकस चैंपियन, 10 मिनट में हल किए 200 मैथ्स प्रश्न

(पंकज कुर्रे)

शिवरीनारायण/राहौद। क्षेत्र की होनहार छात्रा रिद्धांशी साहू ने अबेकस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मात्र 9 वर्ष की रिद्धांशी, जो वर्तमान में कक्षा तीसरी की छात्रा है, ने राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार रिद्धांशी ने जांजगीर की अबेकस प्रशिक्षक रेणुका शर्मा के मार्गदर्शन में ऑनलाइन अबेकस कक्षाएं ज्वाइन की थीं। रायगढ़ स्थित अग्रोहा धाम में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उसने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए लिस्निंग प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप तथा विजुअल प्रतियोगिता में चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। रिद्धांशी ने प्रतियोगिता के दौरान मात्र 10 मिनट में गणित के 200 प्रश्न हल कर सभी को प्रभावित किया। उसकी गणना की गति और सटीकता ने निर्णायकों एवं उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

 

रिद्धांशी के पिता विश्वा साहू और माता रिंकी साहू ने बताया कि जब उनकी बेटी ने अबेकस की ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की थीं, तब वह गणित में एक सामान्य छात्रा थी। लेकिन निरंतर अभ्यास और प्रशिक्षण के चलते आज वह अपने से बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी कड़ी टक्कर दे रही है। उन्होंने कहा कि अब गणित रिद्धांशी के लिए बेहद आसान हो गया है और वह जटिल प्रश्नों को भी तेजी से हल कर लेती है।

अबेकस प्रशिक्षक रेणुका शर्मा ने बताया कि उनकी ऑनलाइन कक्षाएं 6 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए संचालित की जाती हैं। सप्ताह में दो दिन एक-एक घंटे की कक्षाओं में नौ चरणों के माध्यम से बच्चों को विशेष तकनीक से प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे बच्चों का गणितीय कौशल बढ़ने के साथ-साथ उनकी सुनने, समझने, लिखने और स्मरण शक्ति में भी उल्लेखनीय सुधार होता है।

उन्होंने बताया कि कक्षाओं में फ्लैश कार्ड गतिविधियां, ब्रेन डेवलपमेंट एक्सरसाइज और विभिन्न मानसिक अभ्यास कराए जाते हैं, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे पढ़ाई में अधिक तेज एवं स्मार्ट बनते हैं।

इन्हें भी पढ़े