Road Accident: भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, 1 घायल

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा मसौली थाना क्षेत्र के बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर बिंदौरा चौराहे के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने मोड़ लेते समय एक ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 7 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।


मोड़ पर कार को डंपर ने मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग श्रावस्ती के भिनगा कस्बे के रहने वाले थे और बहराइच की ओर से आ रहे थे। बिंदौरा चौराहे के पास कार मोड़ रही थी, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर बड़ागांव सीएचसी पहुंचाया गया।

चार लोगों ने तोड़ा दम

अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मोहम्मद शरीफ (51), तबस्सुम बानो (45), साजिया खातून (31) और उजैम (33) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल 7 वर्षीय हुदा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में बच्ची का इलाज जारी है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।


हादसे के बाद डंपर चालक फरार

घटना के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। सड़क से क्षतिग्रस्त कार हटवाकर यातायात भी बहाल कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं फरार डंपर चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

बच्ची का इलाज जारी

  बाराबंकी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। मृतकों के शवों की पोस्टमार्टम प्रक्रिया कराई जा रही है। घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।

इन्हें भी पढ़े