कैंसर को हराकर UPSC में सफलता, महासमुंद के संजय डहरिया ने हासिल की 946वीं रैंक.. सात सालों तक कैंसर से लड़ते रहे..पढ़िए उनके दिलचस्प तथ्य
(पंकज कुर्रे)
रायपुर । छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के रहने वाले संजय डहरिया ने संघर्ष, साहस और दृढ़ संकल्प की ऐसी मिसाल पेश की है, जो हर किसी के लिए प्रेरणा बन गई है। कभी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझने वाले संजय ने न केवल इस बीमारी को मात दी, बल्कि देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शामिल UPSC में भी सफलता हासिल कर ली।
जानकारी के अनुसार संजय डहरिया करीब सात वर्षों तक कैंसर से जूझते रहे। इस दौरान उन्हें लंबी और कठिन चिकित्सा प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आखिरकार इस गंभीर बीमारी को हराने में सफल रहे।
बीमारी से उबरने के बाद संजय ने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और पूरी मेहनत व लगन के साथ UPSC परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। उनकी कड़ी मेहनत रंग लाई और उन्होंने UPSC 2026 की परीक्षा में 946वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की।
दिलचस्प बात यह है कि UPSC में सफलता से पहले भी संजय तीन सरकारी नौकरियां हासिल कर चुके थे। उन्होंने SBI बैंक, IDBI बैंक और पोस्ट ऑफिस के बैंकिंग सेक्टर में नौकरी प्राप्त की थी। इसके बावजूद उनका सपना सिविल सेवा में जाने का था, जिसके लिए उन्होंने लगातार प्रयास जारी रखा।
संजय डहरिया की सफलता यह साबित करती है कि अगर इरादे मजबूत हों और आत्मविश्वास कायम रहे, तो कोई भी मुश्किल रास्ता रोक नहीं सकती। उनकी यह कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439





