शिवरीनारायण मेला में साधु संतो श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों को सात्विक भोजन उपलब्ध

(मदन खाण्डेकर)

गिधौरी। धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में माघी मेले के अवसर पर पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी मानव सेवा की प्रेरक मिसाल प्रस्तुत की जा रही है। परम पूज्य सत्य गुरुदेव सत्य कबड्डी दास जी एवं परम वंदनीय गुरुमाता सत्य लीला देवी जी के पावन सानिध्य में सत्य निजनाम बोध संस्थान, पोडी द्वारा 01 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 12:00 से 3:00 बजे नि:शुल्क भोजन भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस सेवा से साधु–संतों, श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों को सात्त्विक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि निरंजन अग्रवाल, सतीश सोनी, पत्रकार संतोष अग्रवाल तथा गुरुपुत्र आगम दास जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने संस्थान की सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि संतोष अग्रवाल ने सत्य निजनाम परिवार को संबोधित करते हुए कहा कि शिवरीनारायण माता शबरी की पावन जन्मभूमि है। माता शबरी पशु बलि, जीव-हत्या और नशे के सख्त खिलाफ थीं। उन्होंने कहा कि पूज्य गुरुदेव द्वारा चलाया जा रहा नशामुक्ति–मोक्ष अभियान और शुद्ध शाकाहारी जीवन का संदेश अत्यंत सराहनीय है, जो समाज को सही दिशा देता है।

विशिष्ट अतिथि सतीश सोनी ने कहा कि सत्य ही सभी धर्मों का सार है। पूज्य गुरुदेव के बताए मार्ग पर चलते हुए हमें सदैव सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलना चाहिए।

मुख्य अतिथि निरंजन अग्रवाल ने कहा कि अन्न का दान महादान होता है। शिवरीनारायण मेला में 15 दिवसीय भंडारे का आयोजन अत्यंत प्रशंसनीय और अनुकरणीय है।
सत्य निजनाम बोध संस्थान के अध्यक्ष  एस.आर. तेली जी के मार्गदर्शन में यह सेवा कार्य संचालित है। भोजन भंडारा प्रभारी सत्य मयाराम बरेठ तथा सह-प्रभारियों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं के सहयोग से भंडारा सुचारु रूप से चलाया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य निष्काम सेवा, मानव कल्याण और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना है।

माघी मेले के दौरान यह नि:शुल्क भोजन भंडारा आस्था के साथ मानवता का संगम बनकर हजारों श्रद्धालुओं के लिए पुण्य और सेवा का माध्यम सिद्ध हो रहा है।






इन्हें भी पढ़े