SDM अब हर माह लेंगे ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक, कलेक्टर महोबे ने दिए निर्देश
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विकास कार्यों और जनसमस्याओं के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) को प्रत्येक माह अपने-अपने अनुविभाग में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद पंचायत के सीईओ, मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करने और लंबित प्रकरणों, हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा जनसमस्याओं के निराकरण की स्थिति की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा।
जर्जर स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों का होगा सर्वे
कलेक्टर ने जिले के जर्जर स्कूल भवनों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाकर सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर एवं अनुपयोगी भवनों को डिस्मेंटल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
रेडी-टू-ईट और गरम भोजन वितरण की निगरानी
बैठक में रेडी-टू-ईट वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने हितग्राहियों को नियमित रूप से सामग्री उपलब्ध कराने तथा उसके समुचित उपयोग की निगरानी के निर्देश दिए। शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने कहा। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं हितग्राहियों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार गरम भोजन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
कलेक्टर ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार, विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प तथा केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
छात्रवृत्ति और श्रमिक ई-केवाईसी पर भी जोर
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को पात्र विद्यार्थियों के प्रकरणों की समय पर स्वीकृति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं से आवेदन करवाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने कहा। वहीं श्रम विभाग को शेष श्रमिकों का अभियान चलाकर ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस और आईगॉट को लेकर सख्ती
कलेक्टर महोबे ने सभी शासकीय कार्यालयों में शत-प्रतिशत फाइलों का संचालन ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से करने के निर्देश दिए। अधिकारियों-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज करने और समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने कहा। क्षमता विकास के लिए आईगॉट प्लेटफॉर्म पर प्रत्येक माह कम से कम एक घंटे का कोर्स पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा कलेक्टर ने बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर समारोह का गरिमामय एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





