3 माह बाद कब्र से निकाला गया 6 शव, पोस्ट मार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद होगा दफन, पुलिस और फोरेंसिक की टीम मौजूद, खबर शतक लगातार

(रौनक साहू)

KASDOL NEWS; थाना क्षेत्र के ग्राम खर्वे में हुये संदिग्ध मौतों के मामले में जांच तेज हो गई है। ग्रामीणों के संदेह के आधार पर फॉरेंसिक जांच के लिए दफन किए गए 6 शवों को कब्र से आज निकाला गया। वहीं एक मृतक का दाह संस्कार किए जाने के कारण उसका शव उपलब्ध नहीं है। इधर पुलिस ने कार्यपालक दंडाधिकारी की अनुमति के बाद शवों को निकालकर पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक परीक्षण की प्रक्रिया की जा रही है।

इससे पहले शनिवार को भी एक शव कब्र से निकालकर जांच के लिए भेजा गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट की गई है, जिसके सेवन से लोगों की मौत हुई है। ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर शराब पिलाने का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि फरवरी से 15 मई के बीच गांव में 8 लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद मामला गंभीर हो गया। मौके पर एसडीओपी, पुलिस विभाग, फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थी इधर ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस प्रशासन द्वारा पीड़ितों और किराना व्यापारी से बयान भी लिया गया है। फिलहाल अब ग्रामीणों को पोस्ट मार्टम रिपोर्ट और कार्यवाही का इंतजार है।

इनका कहना है…

पहले हम लोगों को थोड़ा संदेह था लेकिन जब मृतक के दाह संस्कार के बाद गांव के किराना व्यापारी द्वारा दोनिया देने के वक्त उक्त चावल को मांगा गया तो शक हुआ। इसके बाद कसडोल थाने में शिकायत दिया गया। जिसके बाद कसडोल पुलिस ने कार्रवाई करते हुये शव को निकलवाया गया। गांव में सभी लोग भयभीत है, कभी भी किसी के साथ कुछ हो सकता है। सभी मृत व्यक्ति स्वास्थ्य थे और सभी की मौत एक जैसे 10 से 15 मिनट में मौत हो गया है। हम सभी को पोस्ट मार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, इसके बाद कानून अपना कार्य करेगा।
मयाराम नवरंगे, ग्रामीण

ग्रामीणों द्वारा शिकायत दिया गया था कि माह फरवरी से मई तक कुल 8 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुआ है, आवेदन में संदेह व्यक्त किया गया था कि ग्राम खर्वे में रहने वाले व्यक्ति के संपर्क में आने पर यह सब घटना हुआ है, जिसके बाद दंडाधिकारी से अनुमति लेकर मर्ग दर्ज कर 6 शव को खोदकर पुनः पोस्ट मार्टम हेतु रायपुर भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के बाद विधि सम्मत कार्यवाही किया जायेगा।

कौशल किशोर वासनिक
एसडीओपी, कसडोल

शिकायत प्राप्त हुआ था जिसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम से अनुमति लेकर शनिवार को एक शव को निकालकर पोस्ट मार्टम कराया गया। साथ ही आज 6 अन्य शव को भी निकालकर पोस्ट मार्टम हेतु भेजा जा रहा है, मेडिकल जांच रिपोर्ट मिलने के पश्चात दंडात्मक कार्रवाही किया जायेगा।

अभिषेक सिंह
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बलौदाबाजार