तेज रफ्तार एम्बुलेंस पलटने से 6 ओड़िशा निवासी घायल; डायल 112 और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाकर बचाई जान

(ROUNAK SAHU)

KASDOL; क्षेत्र के अंतर्गत आज दिनांक 06 अगस्त 2026 को दोपहर लगभग 12:00 बजे कसडोल-कटगी मेन रोड (NH 130 B) पर ग्राम पीसीद स्थित जायसवाल ढाबा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से मरीजों का इलाज कराकर वापस ओड़िशा लौट रही एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय नागरिकों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
गड्ढे के कारण अनियंत्रित हुई एम्बुलेंस प्राप्त जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस क्रमांक CG 04 PP 4032 (खरोरा) में मरीज, परिजनों और चालक-हेल्पर सहित कुल 8 लोग सवार थे।


ये सभी लोग रायपुर से इलाज करवाकर अपने गृह ग्राम बरगढ़ (ओड़िशा) वापस जा रहे थे। जैसे ही एम्बुलेंस ग्राम पीसीद के मेन रोड पुल के पास पहुंची, सड़क पर बने एक गड्ढे के कारण वह अचानक उछल गई। रफ्तार तेज होने की वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और एम्बुलेंस सड़क पर ही पलट गई।
डायल 112 और प्राइवेट एम्बुलेंस चालक की सराहनीय भूमिका सूचना मिलते ही कसडोल थाना की डायल 112 (बाज़ 01) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आरक्षक क्रमांक 371 आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू ने बिना वक्त गंवाए स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस के भीतर फंसे लहूलुहान घायलों को बाहर निकालना शुरू किया।
इसी दौरान ग्राम छाँछी के प्राइवेट एम्बुलेंस चालक हर नारायण साहू भी अपनी दो एम्बुलेंस के साथ घटना स्थल पर मौजूद थे। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने सेवा भाव का परिचय दिया और तुरंत सभी 6 घायल व्यक्तियों को अपने वाहनों में बैठाकर प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल रवाना किया।
घायल व्यक्तियों का विवरण

इस दुर्घटना में कुल 6 लोगों के सिर, पीठ, छाती, पेट, हाथ की कोहनी और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों के नाम निम्नानुसार हैं—
1. क्वाता भोई (60 वर्ष), पिता- बरसातु भोई, निवासी- डुमरी, बरगढ़ (ओड़िशा)
2. नारायण हाथी (40 वर्ष), पिता- गोपीका हाथी, निवासी- इच्छापुर, बरगढ़ (ओड़िशा)
3. गोवर्धन खोड़ीया (80 वर्ष), पिता- थीबु खोड़ीया, निवासी- बरगढ़ (ओड़िशा)
4. सरोज खड़िया (30 वर्ष), पिता- गिरी खड़िया, निवासी- कुसुमडीह, बरगढ़ (ओड़िशा)
5. जगन्नाथ भाट (45 वर्ष), पिता- शंकर भाट, निवासी- कुसुमडीह, बरगढ़ (ओड़िशा)
6. हलधर खोड़ीया (66 वर्ष), पिता- कोलकातिया खोड़ीया, निवासी- कुसुमडीह, बरगढ़ (ओड़िशा) डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी

अस्पताल से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल 6 लोगों में से 2 व्यक्तियों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य 4 लोग फिलहाल खतरे से बाहर हैं। एम्बुलेंस के चालक और हेल्पर सुरक्षित हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा घटना के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इन्हें भी पढ़े