शराब पीने से रोकने पर बेटे ने मां पर टांगी से किया जानलेवा हमला, नवागढ़ पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब पीने से रोकने पर बेटे ने अपनी ही मां पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी दयाशंकर कश्यप (34 वर्ष), निवासी पोड़ी थाना नवागढ़ का 11 मार्च 2026 की सुबह अपनी मां के साथ विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि उसकी मां उसे अक्सर शराब पीने से मना करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद के दौरान गुस्से में आकर दयाशंकर कश्यप ने घर में रखी टांगी (धारदार हथियार) से अपनी मां के गले पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और काफी खून बहने लगा। घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 91/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी दयाशंकर कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक कमलेश कुमार सेडे, सहायक उप निरीक्षक संतोष केरकेट्टा एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।


