रिसदा स्कूल में छात्रसंघ कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण, पूर्वेंद्र वर्मा बने शालानायक

(देवेश साहू)

बलौदाबाजार। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिसदा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रसंघ कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और विद्यालयीन शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से छात्रसंघ का गठन प्रत्यक्ष निर्वाचन पद्धति से किया गया। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।


निर्वाचन में कक्षा 12वीं के पूर्वेंद्र वर्मा को शालानायक तथा कक्षा 11वीं के ओमप्रकाश टंडन को उपशालनायक चुना गया। वहीं पीताम्बर रजक को सचिव, जयंत टंडन को सहसचिव, हीना ध्रुव व दक्ष नवरंगे को सांस्कृतिक सचिव, वर्षा वर्मा व विकास चतुर्वेदी को अनुशासन सचिव तथा जीवा यादव व नरेश नवरंगे को क्रीड़ा सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।


शपथ ग्रहण समारोह में छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं विभिन्न कक्षाओं के कप्तानों का शिक्षक-शिक्षिकाओं ने तिलक-गुलाल लगाकर एवं बैज प्रदान कर अभिनंदन किया। वरिष्ठ शिक्षक अनिल कुमार बंजारे ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ कार्यकारिणी को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को विद्यालय के अनुशासन का पालन करते हुए सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने की सीख दी। साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करने की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम में शिक्षक अनिल कुमार बंजारे, दीपचंद बंजारे, रूपनारायण साहू, रमेश कुमार नेगी, नंदकुमार मल्होत्रा, धर्मेंद्र खरे, भारती ऊके, अर्चना वर्मा, प्रार्थना महोबिया, विद्या साव सहित कार्यालयीन स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े