तनौद हत्या कांड: सार्वजनिक जगह पर शराब पीने से मना करना पड़ा भारी, बीच-बचाव करने पहुंचे पिता की डंडे से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना करना एक युवक के पिता के लिए जानलेवा साबित हुआ। बीच-बचाव करने पहुंचे व्यक्ति पर आरोपी ने लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम तनौद निवासी आरोपी उमाशंकर साहू (34 वर्ष) ने 14 मई की रात गांव में शराब पीने को लेकर हुए विवाद के दौरान मोहनलाल महिपाल पर प्राणघातक हमला किया था। मामले में प्रार्थी सत्यवान महिपाल (24 वर्ष) ने थाना शिवरीनारायण पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह गांव में पंचराम पटेल के घर के सामने बैठा था। इसी दौरान उमाशंकर साहू वहां पहुंचा और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने लगा। मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा।

विवाद बढ़ता देख सत्यवान के पिता मोहनलाल महिपाल बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ने लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर जोरदार हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मोहनलाल मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरौद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर 15 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक कपिल राम साहू, राजेन्द्र क्षत्रिय, प्रधान आरक्षक मोहन साहू, आरक्षक नितिन द्विवेदी, विकास शर्मा, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले एवं थाना शिवरीनारायण स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इन्हें भी पढ़े