चमत्कारी बाबा का काला सच: इलाज के नाम पर दुष्कर्म, अश्लील फोटो को किया वायरल—हिमाचल से निर्मल बाबा गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस को मिली बड़ी सफलता
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा | जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में चमत्कार और इलाज के नाम पर एक महिला से दुष्कर्म करने वाले ढोंगी बाबा को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने न सिर्फ महिला को अपने झांसे में लेकर उसके साथ अनाचार किया, बल्कि बाद में सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो वायरल कर ब्लैकमेल भी किया।
आरोपी की पहचान: गिरफ्तार आरोपी की पहचान स्वामी निर्मल जी उर्फ निर्मल बाबा (60 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूलतः नाशिक (महाराष्ट्र) का निवासी है।

क्या है पूरा मामला?
पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी क्षेत्र के एक गांव में “पदयात्रा” करते हुए पहुंचा और खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करता था।
पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिलने गई, जहां आरोपी ने हाथ देखकर इलाज का भरोसा दिलाया और मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद 26 मार्च को बाजार में बुलाकर “प्रसाद” देने के बहाने उसे अपने साथ चलने के लिए बहलाया। आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता उसके साथ बिलासपुर और फिर मध्य प्रदेश के मैहर पहुंची, जहां होटल में ठहराया गया। वहीं आरोपी ने “इलाज” के नाम पर उसके साथ कई बार जबरदस्ती अनाचार किया।
घटना के बाद 1 अप्रैल 2026 को आरोपी पीड़िता को बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया। घर लौटने के बाद आरोपी लगातार फोन कर परेशान करता रहा। नंबर ब्लॉक करने पर उसने पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो पोस्ट कर वायरल कर दिया और ब्लैकमेल करने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 21 अप्रैल 2026 को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई: BNS की धारा 64(2)(एम) आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम का योगदान
इस कार्रवाई में थाना पामगढ़ प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, प्रआर रामलाल मार्कडेय, आरक्षक सूरज सिंह पाटले और नवनी रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसे ढोंगी बाबाओं और चमत्कार के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


