जर्जर सड़क बनी खतरा, पामगढ़–डोंगाकोहरौद मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक

{Pankaj Kurre}

जांजगीर-चांपा | जिले के पामगढ़ से डोंगाकोहरौद–मिलोनी–ससहा मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर आगामी आदेश तक अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारियों—अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लोक निर्माण विभाग, तहसीलदार और थाना प्रभारी पामगढ़—की रिपोर्ट में बताया गया कि डोंगाकोहरौद बस्ती के मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे और सड़क की जर्जर स्थिति के कारण भारी वाहनों का आवागमन सुरक्षित नहीं है। इससे कभी भी बड़ी सड़क दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।


आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ मोटरयान नियम, 1994 के नियम 215 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए पामगढ़ से डोंगाकोहरौद, मिलोनी और ससहा तक सभी प्रकार के भारी वाहनों के आवागमन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस मार्ग से गुजरने वाले भारी वाहनों को गिधौरी–शिवरीनारायण मार्ग से डायवर्ट कराया जाए। आदेश का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है। प्रशासन ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने तथा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

इन्हें भी पढ़े