कोठारी के वन भूमि में कर रहें थे अतिक्रमण, वन विभाग ने हटाया, ग्रामीणों से वन संरक्षण करने रेंजर ने किया अपील
(मानस साहू)
कसडोल। बीते शुक्रवार को कोठारी परिक्षेत्र के ग्राम तालदादर (कक्ष क्रमांक 223) में वन क्षेत्र से सटे आबादी क्षेत्र में अतिक्रमण की सूचना प्राप्त होने पर कोठारी परिक्षेत्र अंतर्गत वन विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई। मौका मुआयना के दौरान यह पाया गया कि लगभग 0.50 एकड़ क्षेत्र में तीन व्यक्तियों द्वारा झाड़ियों की कटाई एवं भूमि की सफ़ाई कर उस पर धनिया का बीज बोया गया था। बारनवापारा अधीक्षक कृषाणु चंद्राकर एवं परिक्षेत्र अधिकारी कोठारी जीवन लाल साहू के मार्गदर्शन में, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी सुश्री दीक्षा पांडेय तथा कोठारी परिक्षेत्र के समस्त स्टॉफ की मौजूदगी में विभागीय कार्यवाही की गई। बाद में संबंधित व्यक्तियों एवं विभाग के बीच आपसी सहमति से राजीनामा संपन्न हुआ, जिसके पश्चात अतिक्रमण हटाया गया। साथ ही संबंधित व्यक्तियों द्वारा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि न करने का लिखित आश्वासन विभाग को प्रदान किया गया। वन विभाग द्वारा ग्रामीणजनों से अपील कर रहा है कि वे वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा वन संरक्षण में विभाग का सहयोग करें।









