पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर कसडोल भाजपा कार्यालय में हुआ सम्पन्न
कसडोल। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर कसडोल मंडल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम में मंडल के पदाधिकारियों, मोर्चा प्रभारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। शिविर के दौरान विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने वैचारिक अधिष्ठान, पार्टी का इतिहास एवं विकास, तथा कार्यविस्तार की हमारी दृष्टि जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।
वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के विचारों को आत्मसात करते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जन-जन तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं एवं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान हेतु निरंतर कार्य करें। शिविर के दौरान अनुशासन, संगठनात्मक कार्यप्रणाली, टीम वर्क एवं जनसंपर्क जैसे विषयों पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त किया एवं अपने-अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन करने का संकल्प लिया। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने एवं आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। यह प्रशिक्षण शिविर निश्चित रूप से मंडल के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक सिद्ध होगा।

