इस पंचायत की सड़क बनी तालाब, जलभराव से स्कूली बच्चे और ग्रामीण परेशान
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ । जनपद पंचायत पामगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत झिलमिली के वार्ड क्रमांक 04 में सड़क पर लगातार जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। हालात ऐसे हैं कि सड़क किसी तालाब या नाले जैसी दिखाई देने लगी है। लगभग 150 मीटर तक सड़क पर करीब एक फीट पानी जमा रहने से स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। गर्मी के दिनों में घरों से निकलने वाला घरेलू उपयोग का पानी सड़क पर बहाया जाता है, लेकिन उसके निकास की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरा पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। धीरे-धीरे यह पानी स्थायी जलभराव का रूप ले चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण आवागमन तो प्रभावित हो ही रहा है, साथ ही संक्रमण और विभिन्न बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। कई दिनों तक एक ही स्थान पर गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। बच्चों को प्रतिदिन इसी जलमग्न सड़क से होकर स्कूल जाना पड़ता है। कई बार फिसलने और चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। बरसात से पहले ही सड़क की यह स्थिति चिंता का विषय बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अभी जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आगामी बारिश के मौसम में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। बरसात के दौरान जलभराव बढ़ने से सड़क पूरी तरह से डूब सकती है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित होने की आशंका है।
इस संबंध में वार्ड क्रमांक 04 के पंच चंद्रिका बंजारे ने बताया कि सड़क पर पानी भरे रहने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। क्षेत्र में पानी निकासी का कोई स्थायी रास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि मोहल्ले के लोगों को घरों का पानी सड़क पर नहीं बहाने तथा अपने घरों के पास सोख्ता गड्ढा (सोक पिट) बनाकर समस्या के समाधान में सहयोग करने के लिए समझाइश दी जा रही है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या व्यक्तिगत स्तर से अधिक सामुदायिक और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ी हुई है। इसलिए पंचायत और संबंधित विभाग को मिलकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द नाली निर्माण एवं जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो बरसात में स्थिति और भयावह हो सकती है तथा पूरे वार्ड के लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।





