11 केवी सिल्वर तार चोरी का खुलासा, 450 किलो तार समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

{Pankaj Kurre}

जांजगीर-चांपा | थाना शिवरीनारायण पुलिस ने कुरियारी क्षेत्र में 11 केवी सिल्वर विद्युत तार चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए चोरी में शामिल आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 450 किलो 11 केवी सिल्वर तार, जिसकी कीमत लगभग 85 हजार रुपये, तथा वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक CG-11-BE-4151, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपये है, बरामद किया है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 4.85 लाख रुपये बताई गई है।


पोल्ट्री फार्म के लिए बिछाया गया था 11 केवी तार

पुलिस के अनुसार, ग्राम कुरियारी डोंगाघाट से कुरियारी मुख्य मार्ग पर स्थित पोल्ट्री फार्म में बिजली कनेक्शन के लिए 11 खंभे लगाए गए थे। इन खंभों के ऊपर 11 केवी सिल्वर तार बिछाया गया था। 25 सितंबर की सुबह फार्म पहुंचने पर करीब 450 किलो तार गायब मिला। शिकायत पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 285/2026, धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और सोर्स के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान चोरी की वारदात में बोलेरो पिकअप वाहन के इस्तेमाल की जानकारी मिलने पर पुलिस ने वाहन चालक अविनाश थवाईत उर्फ मोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर तार चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी किए गए तार को रायपुर के उरकुरा स्थित सृष्टि मेटालिक में बेचने की जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी का तार खरीदने वाले पप्पू कोल के कब्जे से चोरी का पूरा माल बरामद किया। मामले में चोरी में शामिल आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

1. अविनाश थवाईत उर्फ मोटू — खोखरा, थाना जांजगीर

2. दीपांशु कूड़ापे उर्फ चिकी — उरकुरा

3. सनी सिंह — उरकुरा

4. राजेन्द्र कुमार उर्फ चाचा — उरकुरा

5. पप्पू कोल — उरकुरा शीतलापारा, थाना खमतराई, जिला रायपुर

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे तथा आरक्षक शिवरायसागर, प्रवीण साहू, खुरेन्द्र शुक्ला, पतिराम यादव, बलराम यादव, रामकुमार कश्यप, यशवंत पाटले सहित थाना शिवरीनारायण के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

इन्हें भी पढ़े