राइस मिल से 50 कट्टी धान चोरी का खुलासा, 24 घंटे के भीतर 8 आरोपी गिरफ्तार, 65 कट्टी धान सहित पिकअप, स्कूटी, बाइक और नकदी बरामद
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा । जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सिद्धि विनायक राइस मिल में हुई धान चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 8 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 65 कट्टी धान, एक पिकअप वाहन, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल तथा 21 हजार रुपये नकद बरामद कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 जून की रात करीब 9 बजे सिद्धि विनायक राइस मिल, चंडीपारा का चौकीदार भोजन करने के लिए मुख्य गेट की ओर गया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने राइस मिल की पीछे की फेंसिंग काटकर परिसर में प्रवेश किया और धान की बोरियां चोरी कर लीं। कुछ समय बाद चौकीदार ने निरीक्षण के दौरान फेंसिंग के बाहर खेत में धान की बोरियां एवं बिखरा हुआ धान देखा, जिसके बाद तत्काल मिल मालिक को इसकी सूचना दी गई।अगले दिन जांच करने पर राइस मिल से कुल 50 कट्टी धान गायब पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई। मामले में प्रार्थी ऋषि सिंह की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 249/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मुखबिरों की सहायता से अकलतरा एवं चंडीपारा क्षेत्र में दबिश दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 8 आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अकलतरा स्थित एक राइस मिल से 65 कट्टी धान बरामद किया। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, स्कूटी, मोटरसाइकिल तथा 21 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपी:-
1. राजा लहरे (26 वर्ष), चंडीपारा, पामगढ़
2. रामकुमार भार्गव (28 वर्ष), अकलतरा
3. कन्हैया सिन्हा उर्फ लाला (26 वर्ष), अकलतरा
4. बीर सिंह बंजारे (24 वर्ष), अकलतरा
5. अजय पाटले (24 वर्ष), अकलतरा
6. लक्ष्मी कुमार सिन्हा (24 वर्ष), अकलतरा
7. शैलेष राय (26 वर्ष), अकलतरा
8. राकेश कुमार साहू (36 वर्ष), चंडीपारा, पामगढ़
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, उपनिरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक राजेश कोसले, महिला प्रधान आरक्षक मंजू सिंह, आरक्षक श्याम ओग्रे, चंद्रशेखर कैवर्त्य, विनोद मनहर, लव मांझी, सैनिक चंद्रशेखर प्रधान एवं थाना पामगढ़ स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




