48 घंटे में तीन मंदिरों की चोरी का खुलासा, 3 आरोपी सहित नाबालिक गिरफ्तार, 16.60 लाख का माल बरामद
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा । जिले में लगातार तीन मंदिरों में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। साइबर टीम और नवागढ़-बम्हनीडीह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन मुख्य आरोपियों और एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया 16 लाख 60 हजार रुपये मूल्य का शत-प्रतिशत माल, वारदात में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक कटर तथा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार 1 और 2 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने जिले के तीन प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाया था। पहली घटना बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर में हुई, जहां से दो चांदी के छत्र चोरी किए गए। दूसरी घटना थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महत स्थित चंडी दाई मंदिर में हुई, जहां से नौ माताओं के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दान पेटी चोरी कर ली गई। वहीं तीसरी वारदात ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में हुई, जहां से चांदी का छत्र चोरी कर लिया गया था। इन मामलों में थाना नवागढ़ में दो और थाना बम्हनीडीह में एक अपराध दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (भापुसे) स्वयं घटनास्थलों पर पहुंचे और साइबर थाना, नवागढ़ एवं बम्हनीडीह पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में गठित टीम ने घटनास्थलों से लेकर संभावित आने-जाने के रास्तों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार युवक दिखाई दिए, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर साइबर तकनीक और मैनुअल इनपुट के आधार पर उनकी पहचान की गई।
पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पहले वे पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने घटना से एक दिन पहले ही तीनों मंदिरों की रेकी कर चोरी की योजना बनाई थी। साथ ही यह भी स्वीकार किया कि लाखों रुपये के कर्ज में डूबे होने के कारण उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी प्रशांत पटेल की निशानदेही पर उसके घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया चोरी का पूरा माल बरामद किया गया। पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के छत्र, मुकुट, दान पेटी सहित अन्य सामान, वारदात में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में घुटिया थाना पामगढ़ निवासी प्रशांत पटेल (23 वर्ष), प्रभात पटेल (18 वर्ष) और परमानंद पटेल (25 वर्ष) शामिल हैं। इसके अलावा एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को भी मामले में अभिरक्षा में लिया गया है।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना नवागढ़ प्रभारी मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी बम्हनीडीह उपनिरीक्षक दिलीप सिंह सहित साइबर और दोनों थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





