शिवरीनारायण में इको-टूरिज्म एवं पर्यटन विषयों पर त्रिदिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
(देवेश साहू)
शिवरीनारायण। RAMP योजना के अंतर्गत CSIDC रायपुर के बैनर तले NIMSME हैदराबाद द्वारा शिवरीनारायण नगर पंचायत कार्यालय में इको-टूरिज्म एवं छत्तीसगढ़ शासन की उद्योग नीति 2024-30 विषय पर त्रिदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करना, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा राज्य की नई औद्योगिक नीति के अनुरूप कौशल विकास को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में कुल 43 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को होम-स्टे संचालन की प्रक्रिया, लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार, पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के व्यावसायिक उपयोग तथा ग्रामीण पर्यटन के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार स्थानीय संसाधनों, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत को जोड़कर पर्यटन को एक सशक्त रोजगार माध्यम बनाया जा सकता है।
दूसरे दिवस में प्रशिक्षण के अंतर्गत कोरबियन एडवेंचर क्लब, कोरबा द्वारा नाइट कैंपिंग एवं ट्रैकिंग पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को एडवेंचर गतिविधियों के सुरक्षित संचालन, आवश्यक उपकरणों के सही उपयोग, टीम मैनेजमेंट तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए प्रायोगिक अभ्यास भी करवाए गए, जिससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रशिक्षण के अंतिम दिवस पर समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री राहुल थवैत एवं सीएमओ श्री कन्हैया निर्मलकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय युवाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से क्षेत्र में इको-टूरिज्म को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही यह पहल छत्तीसगढ़ को पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने में भी सहायक सिद्ध होगी।





