दर्दनाक सड़क हादसा: सेकंड हैंड कार बनी काल! अनियंत्रित होकर पलटने से युवक की दर्दनाक मौत

{Pankaj Kurre}

जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोमवार तड़के सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसो के पास बिलासपुर-पामगढ़-शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर टाटा इंडिका कार अनियंत्रित होकर नाले के किनारे पलट गई। हादसे में तुस्मा निवासी जय कुमार साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि मृतक ने एक-दो दिन पहले ही सेकंड हैंड कार खरीदी थी।


लावारिस कुत्ते को पशु केंद्र छोड़कर लौट रहे थे तीनों युवक

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे तीनों युवक सड़क किनारे मिले एक लावारिस कुत्ते को लेकर बिलासपुर स्थित पशु केंद्र पहुंचे थे। वहां कुत्ते को भर्ती कराने के बाद तीनों कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोमवार तड़के करीब 4 बजे ग्राम भैंसो के पास नाले के किनारे उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार की पिछली सीट पर बैठे जय कुमार साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


खरौद निवासी युवक चला रहा था कार

मृतक के साथियों के मुताबिक, हादसे के समय कार खरौद निवासी चिन्ना देवगन चला रहा था, जबकि गिधौरी निवासी अभय अवस्थी आगे की सीट पर बैठा था। जय कुमार साहू कार की पिछली सीट पर सवार था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि जय कुमार ने हाल ही में सेकंड हैंड कार खरीदी थी। हालांकि, कार अनियंत्रित होकर पलटने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

एक लावारिस कुत्ते को सुरक्षित ठिकाने पहुंचाने निकले युवकों का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया और जय कुमार साहू की जिंदगी खत्म हो गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

इन्हें भी पढ़े